9 सितंबर 2011 - 19:30

राष्ट्र संघ में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राजदूत मोहम्मद ख़ज़ाई ने चेतावनी दी है कि ईरान के विरुद्ध होने वाले आक्रमण का मुंहतोड़ उत्तर दिया जाएगा.....

राष्ट्र संघ में इस्लामी गणतंत्र ईरान के राजदूत मोहम्मद ख़ज़ाई ने चेतावनी दी है कि ईरान के विरुद्ध होने वाले आक्रमण का मुंहतोड़ उत्तर दिया जाएगा। श्री ख़ज़ाई ने गुरूवार को राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून को एक पत्र सौंपा है जिसमें कहा गया है कि ईरान आत्म रक्षा की कार्यवाही करने में नहीं हिचकिचाएगा।ईरान के राजदूत ने ईरान के विरुद्ध फ़्रांस के राष्ट्रपति निकोला सारकोज़ी के हालिया भड़काऊ बयान और निराधारा आरोपों की कड़ी निंदा की और कहा कि ईरान अपनी रक्षा के लिए आवश्यक क़दम उठाएगा। पत्र में कहा गया है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान इस प्रकार के बयानों पर अपनी गहरी चिंता दर्ज कराता है और भड़काऊ, तर्कहीन और ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयान की कड़ई से निंदा करता है। गत 31 अगस्त को फ़्रांस के राष्ट्रपति सारकोज़ी ने आरोप लगाया कि ईरान लम्बी दूरी की मार करने वाले मीज़ाइल और परमाणु हथियार बना रहा है जिसके कारण विश्व के कुछ देश ईरान का हाथ बांधने के लिए उस पर आक्रमण कर सकते हैं। ज्ञात रहे कि फ़्रांस के राष्ट्रपति का यह बयान एसी स्थिति में आया है कि जब अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए ईरान की परमाणु गतिविधियों का निरीक्षण करती है और इस संस्था की निगरानी में ही ईरान परमाणु कार्यक्रम चला रहा है।